गुरुवार, 19 मार्च 2009

पंजाब नेशनल बैंक खोलेगा एक टच point

आर्थिक संकट के माहौल में भी सरकारी बैंक अपनी विस्तार योजनाओं को अमली जामा पहनाने में लगे हैं। देश के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) अगले चार सालों में अपने नेटवर्क को गांव के स्तर पर ले जाने के लिए करीब 400 करोड़ रुपये के निवेश की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इसके तहत बैंक 1,00,000 टच प्वाइंट खोलेगा। इस बारे में बैंक के सीएमडी के. सी. चक्रबर्ती ने बिजनेस भास्कर को बताया कि टच प्वाइंट बैंक के नेटवर्क को बढ़ाने में मदद करेंगे। अभी बैंक की 4,000 से ज्यादा शाखाएं हैं। अब बैंक ग्रामीण इलाकों और ऐसे जिलों में अपनी उपस्थिति बढ़ाना चाहता है जहां इसकी पहुंच नहीं है। इन एक लाख टच प्वाइंट में बैंक 2013 तक करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। बैंक के एक अन्य अधिकारी ने इस बारे में बताया कि टच प्वाइंट में बैंक की शाखाएं बढ़ाने के साथ ग्रामीण इलाकों में पीएनबी कियॉस्क खोलना, एटीएम मशीन लगाना, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाएं बढ़ाना, मोबाइल वैन शुरू करना और बायोमैट्रिक्स मशीन लगाना आदि शामिल है। बैंक की योजना मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़़, उत्तरांचल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और बिहार में टच प्वाइंट शुरू करना है। दरअसल, बैंक की शाखाएं ज्यादातर उन इलाकों में हैं जहां कारोबार ज्यादा है। चूंकि शाखाएं खोलने में बैंक का निवेश भी ज्यादा होता है और वहां कामकाज चलाए रखने में भी लागत ज्यादा आती है। इसलिए अभी तक ज्यादातर बैंक छोटे स्थानों पर शाखाएं नहीं खोलते।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें